मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में मंगलवार रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ हिस्ट्रीशीटर और उसका साथी अमरोहा में व्यापारी की हत्या करने जा रहे थे। जेल में बंद बंदी के भाई ने व्यापारी की डेढ़ लाख रुपये में सुपारी तय की थी। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर दोनों को अदालत में पेश किया। जहां से दोनोें को जेल भेज दिया गया है।
कटघर थानाक्षेत्र में हनुमान मूर्ति तिराहा और पंडित नगला के बीच मंगलवार की रात को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें दो बदमाशों को टांग में गोली लगी थी। पूछताछ में दोनों की पहचान आजिम निवासी राजा का मझोला थाना बहजोई और खालिद निवासी बनियाठेर के रूप में थी। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, बिना नंबर की बुलेट बाइक, दो मोबाइल बरामद हुए। सीओ कटघर सुदेश गुप्ता का कहना है कि गिरफ्तार आजिम हिस्ट्रीशीटर है। उसने पूछताछ में कबूला है कि अमरोहा के आदमपुर थानाक्षेत्र के देहरी गांव चोखे लाल ने व्यापारी प्रेम सिंह निवासी देहरी थाना आदम पुर की सुपारी डेढ़ लाख रुपये में दी थी। ये दोनों बदमाश प्रेम सिंह की हत्या करने जा रहे थे। पुलिस ने बुधवार को दोनाें आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।