बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेन में युवती की गला दबाकर हत्या
चंदौसी रेलवे स्टेशन पर उतारा गया शव
चंदौसी (संभल)। बरेली से अलीगढ़ जा रही पैसेंजर ट्रेन की दिव्यांग बोगी में बुधवार सुबह 23 वर्षीय युवती का शव पड़ा मिला। मृतका के गले पर चोट के निशान थे और नाक से खून बह रहा था। शव चंदौसी स्टेशन पर उतारा गया, उसकी शिनाख्त अलीगढ़ के थाना गांधीनगर के नगला मानसिंह कोल निवासी सपना (23) पुत्री कहर सिंह के रूप में हुई। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार की सुबह 7:25 बजे चंदौसी स्टेशन पर बरेली से अलीगढ़ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन आकर रुकी। कुछ महिलाएं इंजन के ठीक पीछे दिव्यांग बोगी में सवार होने लगीं, तभी उनकी नजर युवती के शव पर गई। घबराई महिला यात्रियों ने बाहर आकर ट्रेन चालक को यह सूचना दी। चालक की सूचना पर जीआरपी ने शव कब्जे में ले लिया। मृतका के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हो सकी। इसके बाद जीआरपी ने अलीगढ़ जीआरपी के माध्यम से मृतका के परिवार तक सूचना भिजवाई।
सीओ जीआरपी देवी दयाल ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है। मृतका के भाई हरदेव सिंह के अनुसार, सपना चार वर्ष से बरेली में एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। उसने चार दिन पहले घर आने की बात कही थी। बेटी की मौत की खबर से मां लज्जा देवी रो-रोकर बेहाल हैं।
जीआरपी एसपी अपर्णा गुप्ता के आग्रह पर तीन डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। एसपी ने कहा कि इस मामले में अभी तक तहरीर नहीं दी गई। युवती के मोबाइल का पासवर्ड मालूम न होने के कारण कॉल डिटेल पता नहीं चल सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर उसके तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।