मुरादाबाद। मंगलवार को शहर के एक होटल में उत्तर रेलवे प्रशासन और रेल मंडल के सांसदों के बीच बैठक का आयोजन हुआ। बैठक की अध्यक्षता जीएम आशुतोष गंगल ने की। वहीं मुरादाबाद रेल मंडल के विभिन्न लोकसभा सीटों से 25 से अधिक सांसद मौजूद रहे। मुरादाबाद से सांसद डॉ. एसटी हसन ने रेलवे प्रशासन को मुबंई-आगरा के लिए डायरेक्ट ट्रेन चलाने के मुद्दे पर घेरा। सांसद ने कहा कि पिछले 50 वर्षों से मुरादाबाद से मुंबई और आगरा के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग उठ रही है।
इस अवधि में कई जीएम बदले, लेकिन आज तक रेलवे की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन लोगों की समस्या को अनदेखा कर रहा है। सांसद ने तर्क रखा कि यदि आगरा के लिए अलीगढ़ होते हुए मुरादाबाद से ट्रेन चलेगी तो अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले यहां के हजारों छात्रों को सहूलियत होगी। वहीं मुंबई के लिए ट्रेन चलाने से शहर के निर्यातकों की समस्या हल हो जाएगी।
इस पर जीएम ने एक बार फिर जल्द हल निकालने का आश्वासन दिया। इसके अलावा सांसद डॉ. एसटी हसन ने सोनकपुर ओवरब्रिज, पैसेंजर ट्रेनों को बहाल करने और सभी ट्रेनों में पहले की तरह एमएसटी लागू करने की मांग उठाई। वहीं संभल से सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने मुरादाबाद से संभल के लिए पैसेंजर ट्रेन शुरू करने, चंदौसी मंडी समिति के पास रेलवे ओवरब्रिज बनाने और संभल-गजरौला के बीच रेललाइन बिछाने की मांग रखी। सांसद डॉ. बर्क का तर्क था कि इससे संभल रेल मार्ग द्वारा सीधे दिल्ली से जुड़ पाएगा। इसके अलावा बैठक में बदायूं से सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्या, नगीना से सांसद गिरीश चंद्र, राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक वाजपेयी और कांता कर्दम आदि ने बैठक में अपने क्षेत्र की मांगें रखीं। जीएम आशुतोष गंगल ने संसद सदस्यों को आश्वासन दिया कि उत्तर रेलवे उनके द्वारा उठाए गए मामलों का जल्द से जल्द समाधान करेगा। इस मौके पर डीआरएम अजय नंदन, सीपीआरओ दीपक कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।