मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। दस वर्षीय बेटे ने स्कूल जाने से मना किया तो मां ने गुस्से में आकर जहर पी लिया। परिजनों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मझोला थानाक्षेत्र के गांव डिडौरी में एक महिला रहती है। उसके तीन बच्चे हैं। मंगलवार सुबह महिला ने बच्चों को स्कूल जाने को कहा तो दस वर्षीय बेटे ने स्कूल जाने से लिए मना कर दिया। इस पर महिला ने उसे समझाते हुए कहा तुम्हारी परीक्षाएं चल रही हैं। अभी तुम स्कूल चले जाओ, बाद में छुट्टी कर लेना, लेकिन बेटे ने स्कूल जाने से इनकार कर दिया। महिला ने पति से बेटे की शिकायत की तो उसने भी बेटे का समर्थन किया।
इससे महिला नाराज होकर अपने कमरे में चली गई। गुस्से में महिला ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। इससे महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में न तो उन्हें कोई जानकारी है और न ही कोई तहरीर आई है।