मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए शासन अधिक से अधिक युवाओं का टीकाकरण करना चाहता है। इसी के तहत सोमवार को मुरादाबाद जनपद में अब तक का रिकॉर्ड टीकाकरण हुआ। एक दिन में छह हजार से अधिक युवाओं ने वैक्सीन की डोज ली।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी का कहना है कि शासन के निर्देश पर देर रात लक्ष्य में बढ़ोतरी की गई। स्लॉट आवंटन के लिए पोर्टल खोला गया। मुरादाबाद जनपद में सोमवार को 32 केंद्रों पर 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों का को वैक्सीन की डोज दी गई। सुबह दस बजे टीकाकरण शुरू हुआ। केंद्रों पर एक घंटा पहले से ही लोग टीका लगवाने के लिए पहुंचने लगे थे। दिन भर लोगों ने लाइन में लगकर शारीरिक दूरी का पालन करते हुए टीका लगवाया। सोमवार के लिए 18 वर्ष से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए 7200 का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 6147 व्यक्तियों ने कोविशील्ड की पहली डोज ली।
रविवार शाम तक था 5200 का लक्ष्य
रविवार को एक सप्ताह के लिए पंजीकरण करवाए गए थे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग ने प्रतिदिन 5200 युवाओं को टीका लगाने का लक्ष्य रखा था, जिसे देर रात बदला गया। अब दो हजार की बढ़ोतरी करते हुए लक्ष्य 7200 कर दिया गया था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी पंजीकरण के लिए रात 11 बजे पोर्टल खोला। अधिकारियों का कहना है कि रात एक घंटे में ही सभी स्लॉट फुल हो गए थे।
मुरादाबाद को 12000 डोज मिली
शासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग को इस सप्ताह के लिए वैक्सीन की 25,500 की डोज मिली थी। देर रात टीकाकरण के लक्ष्य में बढ़ोतरी होने के बाद शासन ने मुरादाबाद में वैक्सीन की डोज और भेज दी। अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को शासन की ओर से 12000 डोज और मिल गईं हैं। अब आसानी से बढ़ी हुई संख्या में टीकाकरण किया जा सकेगा।
45 वर्ष से अधिक आयु में भी बढ़ोत्तरी
युवाओं की तरह 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के टीकाकरण में भी बढ़ोतरी हुई। सोमवार को जनपद में 1909 व्यक्तियों ने टीकाकरण करवाया। बताया जाता है कि शहरी इलाकों में स्लॉट खाली न मिलने पर इन व्यक्तियों ने आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर टीका लगवाया है। इसमें पकबाड़ा, अगवानपुर और ताजपुर के स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
मुरादाबाद जनपद में 18 से 44 वर्ष के 6147 और 45 वर्ष से अधिक उम्र के 1909 व्यक्तियों ने टीकाकरण करवाया है। शासन के निर्देश पर देर रात टीकाकरण के लक्ष्य में बढ़ोतरी की गई थी। सोमवार को वैक्सीन की 12 हजार डोज मिल गईं हैं। इसलिए प्रतिदिन लक्ष्य के हिसाब से टीकाकरण करवाया जाएगा।
डॉ. दीपक वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।