मुरादाबाद। जंभेश्वर विश्वविद्यालय के निर्माण का कार्य 60 प्रतिशत से अधिक हो गया है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता सूची में शामिल होने की वजह से यूनिवर्सिटी के निर्माण की समीक्षा शासन स्तर से भी चल रही है।
रामगंगापार हरदासपुर में निर्माणाधीन जंभेश्वर विश्वविद्यालय का कार्य पूरा करने के लिए फरवरी 26 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मौके पर कुलपति आवास बनकर तैयार हो गया है लेकिन फर्नीचर का कार्य बाकी है। इसी प्रकार पुलिस बूथ, सर्वेंट क्वाटर, प्रशासनिक भवन, एकेडमिक भवन बनकर तैयार हो गया है।
निर्माण कार्य में लगे अभियंताओं का कहना है कि जनवरी तक इन कार्यों की फिनिशिंग का कार्य पूरा हो जाएगा। करीब 50 एकड़ में निर्माणाधीन यूनिवर्सिटी की चहारदीवारी का कार्य तीन तरफ से पूरा हो गया है। जून में लखनऊ से आए नोडल अधिकारी ने भी यूनिवर्सिटी के कार्यों की समीक्षा की थी। इधर बाढ़ खंड विभाग ने भी यूनिवर्सिटी की सुरक्षा को लेकर गोपनीय रिपोर्ट दी है।
हॉस्टल का निर्माण कार्य अभी नहीं हुआ पूरा
यूनिवर्सिटी के लिए गर्ल्स हॉस्टल का भवन बनकर तैयार हो गया है। वहीं बॉयज हॉस्टल की तीसरी मंजिल की छत डाली जा रही है। टाइप -5 के आवासों का निर्माण जारी है। अभियंताओं ने बताया कि 60 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरे हो गए है। सभी बिल्डिंग के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने समय निर्धारित कर दिया है। शासन ने फरवरी 26 तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैैं लेकिन अभियंताओं का कहना है कि फिनिशिंग देने में अभी और वक्त लग सकता है। प्रत्येक विभाग के भवन निर्धारित समय में पूरे कर लिए जाएंगे। डीएम की समीक्षा के बाद ठेकेदार ने मजदूरों और अन्य कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी है।