मूंढापांडे थानाक्षेत्र में एक युवक की तार से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उसका शव तालाब में मिला तो सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सोमवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मूंढापांडे थानाक्षेत्र के नियामतपुर इकरौटिया गांव के ग्रामीण दिनचर्या में सोमवार सुबह खेतों पर जा रहे थे। उन्होंने गांव से करीब 600 मीटर दूर तालाब में 35 वर्षीय एक युवक की लाश पड़ी देखी तो वह सन्न रह गए। उन्होंने इस मामले की जानकारी गांव में पहुंचाई तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ ही देर में आस पड़ोस के गांव से भी लोग तालाब पर पहुंच गए। इसी बीच ग्राम प्रधान की सूचना पर मूंढापांडे की पुलिस मौके पर पहुंच गई और फोरेंसिक टीम बुला ली।