मुरादाबाद। ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच मुरादाबाद का युवक जम्मू में संक्रमित मिला है। छह दिसंबर को युवक ने जम्मू के लखनपुर में जांच कराई थी। स्टेट सर्विलांस यूनिट (एसएसयू) जम्मू से मिला फोन नंबर बंद है। इसके चलते जिला सर्विलांस टीम का युवक के परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। फिलहाल युवक जम्मू में क्वारंटीन है।
मुरादाबाद का बीस वर्षीय युवक जम्मू गया हुआ है। छह दिसंबर को युवक का जम्मू के लखनपुर में कोरोना की जांच कराई गई। जांच में युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। बृहस्पतिवार को इसकी सूचना यूपी स्टेट सर्विलांस यूनिट के जरिए जम्मू से मुरादाबाद जिला सर्विलांस टीम को मिली। हरकत आई सर्विलांस टीम ने जम्मू से मिले मोबाइल फोन नंबर पर संपर्क साधा, लेकिन नंबर बंद मिला। इसके चलते टीम का युवक के परिजनों से संपर्क नहीं हो सका है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी एसएसयू से मिली सूचना के मुताबिक जम्मू से आए पत्र में युवक का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज है। संबंधित नंबर बंद आ रहा है। इस संबंध में यूपी एसएसयू को सूचना दे दी गई है।