मुरादाबाद मंडल में दिन प्रतिदिन ठंड बढ़ती जा रही है। बुधवार रात का तापमान आठ डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग का कहना है कि अब दिन का तापमान भी सामान्य से कम रहेगा। इसके साथ ही सुबह कोहरा छाने और रात में शीतलहर चलने की भी संभावना है।
हर दिन मौसम में गलन बढ़ने का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को सुबह धूप निकली थी, लेकिन दोपहर में हवा की गति सामान्य से अधिक होने की वजह से तपिश नहीं रही। शाम होते-होते वातावरण में गलन बढ़ गई। पार्कों में भी शाम ढलने से पहले सन्नाटा होने लगा।
मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह वातावरण में नमी 85 फीसदी थी, जो शाम को सिर्फ 46 फीसदी रह गई। हवा की गति पश्चिम से पूरब दिशा में दस से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि सुबह कोहरा और धुंध रहने का अनुमान है। इसके बाद हवा की गति सामान्य से अधिक होने की वजह से दिन में मौसम साफ हो सकता है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी तो शीतलहर चल सकती है।
मौसम के साथ बदलें खानपान
विश्व आयुर्वेद परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य डॉ. संजीव सक्सेना का कहना है कि इन दिनों खानपान में उन चीजों को शामिल कर सकते हैं, जो ठंड के मौसम में शरीर को गर्म रखती हैं। मक्का की रोटी और साग का सेवन करना चाहिए। गोंद, पंजीरी, मैथी लड्डू, बेसन के लड्डू भी खा सकते हैं।
सर्दी से बचने के लिए करें इन चीजों का सेवन
तिल :- इसमें फाइबर, विटामिन-ई, कैल्शियम, प्रोटीन आदि पाए जाते हैं। नियमित सेवन से पाचन शक्ति मजबूत होती है।
खजूर :- इसकी तासीर गर्म होती है और शरीर अंदर से गर्म रहता है। इसमें भी विटामिन ए, बी, कैशिल्यम, पोटैशियम आदि होते हैं।
अंडे :- नाश्ते में उबले हुए अंडे का सेवन किया जा सकता है। इसमें प्रोटीन व अन्य पोषक तत्व होते हैं।
गुड़ :- गुड़ खाने से सर्दी-जुकाम की समस्या से बच सकते हैं। एंटी ऑक्सीडेंट गुण होने के नाते पाचन शक्ति मजबूत होती है।
अदरक :- सर्दियों में अदरक और गुड़ की चाय पी सकते हैं। अदरक शरीर को गर्म रखता है।
सूप :- सूप में कई प्रकार की सब्जियों को मिला सकते हैं। इससे अंदरूनी गर्मी मिलने के साथ पोषक तत्व भी मिलते हैं।
गर्म दूध :- सर्दी से बचने के लिए हल्दी मिलाकर गर्म दूध पी सकते हैं। दूध का सेवन हड्डियों व शरीर के लिए फायदेमंद है।
लहसुन :- सर्दी में सब्जी के साथ लहसुन को शामिल करना फायदेमंद होता है। इसकी तासीर गर्म है और लीवर को तंदरुस्त रखता है।
सूखे मेवा :- बादाम, काजू, किशमिश, अखरोट, पिस्ता और छुहारे खा सकते हैं।