मैनाठेर थाना क्षेत्र में संभल रोड पर नगलिया मशकूला के सामने मंगलवार सुबह चार बजे ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक अरविंद (20) की मौत हो गई। अरविंद नगलिया मशकूला निवासी था।
इस हादसे से गुस्साएं परिजन और ग्रामीणों ने चालक के शव को दुर्घटनास्थल पर ही रख कर जाम लगा दिया और ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
इस दौरान मुरादाबाद संभल रोड पर यातायात चालू हो सका। मैनाठेर के नगलिया मशकूला निवासी सतवीर सिंह का बेटा अरविंद मंगलवार सुबह भट्ठे से अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली में ईंटें भरकर मुरादाबाद जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर ट्रॉली मुरादाबाद संभल रोड पर गांव से थोड़ा आगे पहुंची।
इसी दौरान संभल से मुरादाबाद की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। इस हादसे में अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक चालक कुछ ही दूरी पर ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। हादसा गांव के पास हुआ था।
जिस कारण परिजनों के साथ ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। जिला अस्पताल ले जाते समय घायल अरविंद ने रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर वापस घटनास्थल पर पहुंच गए। जहां जाम लगाकर ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
हादसे की सूचना मिलने पर मैनाठेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान संभल रोड पर लंबा जाम भी भी लग गया। सुबह करीब 11 बजे परिजन कार्रवाई के आश्वासन पर शांत हुए।
तब पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ट्रेन गिरकर युवक की मौत
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मौलागढ़ के पास रविवार सुबह रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से गिरकर युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान सुने कुमार पुत्र शिवप्रसाद बिहार प्रांत के नंदराम छपरा थाना रामकृष्ण पटना के रूप में हुई है। युवक परिवार के साथ ट्रेन से वैष्णो देवी दर्शन करने जा रहा था। ट्रेन की गेट पर बैठा था। झपकी आने पर वह ट्रेन से नीचे गिर गया।