बदमाशों ने स्कूटी सवार युवतियों का रामपुर रोड स्थित डियर पार्क के समीप रविवार की शाम पीछा कर चेन लूट ली और उनके साथ छेड़खानी भी की। घटना की सूचना मिलने के बाद कटघर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। कांशीराम नगर खुशहालपुर की रहने वाली युवती मेकअप आर्टिस्ट है।
विज्ञापन
रविवार की शाम साढ़े सात बजे वह अपनी सहेली के साथ मेकअप का काम कर स्कूटी से घर लौट रही थी। डियर पार्क के समीप बुलेट सवारों ने स्कूटी का पीछा किया। बदमाशों ने पहले युवतियों पर फब्तियां कसी। इसके बाद पीछे बैठी युवती के मोबाइल को छीनने की कोशिश की। मोबाइल छीनने में असफल होने पर बदमाशों ने उसकी चेन छीन ली।
युवतियों ने घटना से कटघर पुलिस को अवगत कराया। सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान बुलेट का नंबर मिल गया है। युवतियों का कहना था कि वह घटना के चलते भयभीत हो गई हैं। इस बारे में कटघर थाना प्रभारी का कहना है कि मौके का मुआयना किया गया है।
विज्ञापन
युवती डियर पार्क से लेकर पीतल नगरी गेट के बीच घटनास्थल बता रही हैं। घटना के पीछे कुछ और कारण होने का अनुमान हैं। पुलिस की छानबीन से और तथ्य सामने आएंगे।