कैमरे लगवाना चाहते थे महंत
भटावली गांव निवासी ग्रामीणों ने बताया कि महंत कई बार मंदिर में कैमरे लगवाने की बात कह चुके थे। इस बार शिवरात्रि से पहले ही कैमरे लगवाने की बात तय हुई थी। जिससे ये भी माना जा रहा है कि कहीं महंत को अपनी जान का खतरा तो नहीं था।
गुरु के मंदिर छोड़ने के बाद मुख्य महंत बन गए मुन्ना लाल
महंत मुन्नालाल पुरी (65) मूल रूप से बरेली के धमौरा थाना क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी थे। वह अविवाहित थे। परिवार में केवल भतीजे हैं। वह भी बाहर मजदूरी करते हैं। मुन्ना लाल करीब 15 साल पहले यहां आ थे। उस समय मंदिर में ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के विजयपुर निवासी धर्मानंद मंदिर के मुख्य महंत थे। मुन्ना लाल की हत्या की सूचना मिलने पर धर्मानंद भी मंदिर आ गए। उन्होंने बताया कि 2016 में मैं अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र के गांव मीठनपुर में आश्रम बनाकर रहने लगा था। जिसके बाद से मुन्नालाल पुरी अकेले ही मंदिर में रहते थे।
निर्माणाधीन गोशाला में काम करने वाले लोगों का है आना जाना
प्राचीन शिव मंदिर के पास गोशाला का निर्माण चल रहा है। यहां काम करने वाले मजदूरों का भी मंदिर में आना जाना था। बुधवार शाम मजदूर काम निपटाकर गोशाला से गए थे। बृहस्पतिवार सुबह राजमिस्त्री और मजदूर गोशाला पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने मजदूरों और राजमिस्त्री से भी पूछताछ की है।
रात छह लोग थे महंत के साथ, दो की तलाश में पुलिस जुटी
प्राचीन शिव मंदिर के महंत की हत्या की जानकारी मिलने पर भटावली, मोरा की मिलक, प्रेम नगर के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की, तब पता चला कि भटावली निवासी चार लोग और मोरा की मिलक निवासी दो युवकों का मंदिर पर आना जाना था। बुधवार की रात यही छह लोग मौजूद थे।
पुलिस ने भटावाली निवासी चारों लोगों से पूछताछ की। इसके बाद मोरा की मिलक निवासी दो युवकों के बारे में जानकारी मिली। लेकिन दोनों युवक अपने घर में नहीं मिली। पुलिस टीमें दोनों की तलाश में जुटी हैं। आशंका जताई जा रही है कि उनके पास उठने-बैठने वालों में से ही किसी ने हत्या की है। क्योंकि ग्रामीण भी किसी से रंजिश होने की बात से इनकार कर रहे हैं।
पुलिस की चार टीमें हत्यारों की तलाश में जुटी, फुटेज भी खंगाली
एसएसपी हेमराज मीना ने महंत हत्याकांड के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया है। सिविल लाइंस पुलिस के अलावा एसओजी, सर्विलांस सेल और अगवानपुर पुलिस चौकी प्रभारी के नेतृत्व में टीम बनाई है। सभी टीमें अलग-अलग एंगल पर काम कर रही हैं। इसके अलावा एक टीम मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।