सोमवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के खुशहाल नगर निवासी राजीव धमीजा की बुधबाजार स्थित कुंवर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में कपड़े की दुकान है। चार अगस्त की सुबह दुकान खोलने पर पता चला कि गल्ले में रखे पौन सात लाख रुपये चोरी हो गए थे।
पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पता चला कि घटना के समय कैमरे बंद थे और जीने का दरवाजा भी खुला हुआ था। पुलिस ने दुकान पर नौकरी करने वाले मझोला के एकता कॉलोनी प्रीतमनगर निवासी अनिकेत से पूछताछ की। उसने शुरुआत में तो पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो सच्चाई उगल दी।
पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह दुकान पर दस साल से नौकरी कर रहा था। उसे पता चला कि दुकान में लाखों रुपये रखे रहते हैं। अनिकेत पर कर्ज हो चुका था जिसे चुकाने के लिए वह कोई व्यवस्था नहीं कर पा रहा था। इसके बाद उसने दुकान में ही चोरी करने की साजिश रची।
तीन अगस्त को उसने जीने का दरवाजा खुला छोड़ दिया और सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे। दुकान बंद होने से कुछ समय पहले वह जरूरी काम होने की बात कहकर चला गया था। इसके बाद वह मोहल्ले में ही छिप गया।
रात में वह दुकान की छत पर पहुंचा। जीने से दुकान में घुस गया और गल्ले में रखी 6.75 लाख रुपये चोरी कर भाग गया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी से रकम बरामद कर ली गई है। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।