मुरादाबाद शहर में पार्किंग की व्यवस्था न होने का दर्द दुकानदार और व्यापारी भी झेल रहे हैं। दुकानदारों ने कहा कि ग्राहक दुकानों के बाहर वाहन खड़े करते हैं तो यातायात पुलिस क्रेन लेकर पहुंच जाती है। पुलिसकर्मी मौके पर ही ई-चालान कर देते हैं या फिर वाहन ही उठाकर ले जाते हैं।
इस डर के कारण ग्राहकों की संख्या लगातार घटती जा रही है। दुकानदारों का कहना है स्मार्ट सिटी के तहत बुधबाजार की सड़क तो चौड़ी कर दी गई, लेकिन अब तक पार्किंग नहीं बनाई गई। इसका सीधा असर कारोबार पड़ रहा है।
ग्राहक की संख्या घटने से कारोबार आधा रह गया है। यह दर्द केवल बुधबाजार के दुकानदारों का ही नहीं बल्कि शहर के अधिकांश बाजारों के दुकानदारों का है। चालान से बचने के लिए ग्राहक बुधबाजार, टाउन हाल, जीएमडी रोड, चौमुखा पुल समेत अन्य बाजारों से बचने लगे हैं। ग्राहक दिल्ली रोड, रामपुर रोड, कांठ रोड और संभल रोड पर बनी दुकानों पर खरीदारी कर रहे हैं।
तीन दिन में निगम करे पार्किंग की व्यवस्था
बुधबाजार के दुकानदार और व्यापारी शुक्रवार को हिंदू कॉलेज के पास बुधबाजार में इकट्ठा हुए। उन्होंने पार्किंग को लेकर लंबी चर्चा की। दुकानदारों ने बताया कि पार्किंग न होने के कारण ग्राहकों की संख्या घटती जा रही है।ग्राहक दुकान के बाहर वाहन खड़े करते हैं तो पुलिसकर्मी क्रेन लेकर आ जाते हैं।
अगर ऐसा ही चलता रहा तो आने वाले समय में दिक्कतें बढ़ेंगी। हिंदू कॉलेज के पास किताबों की दुकान लगाने वाले शुभम सिक्का ने बताया कि दुकानदारों ने निर्णय लिया है कि तीन दिन में यदि नगर निगम ने पार्किंग की व्यवस्था नहीं की तो नगर आयुक्त और एसपी यातायात समेत अन्य अधिकारियों से मिलेंगे। अधिकारियों से वार्ता के बाद व्यापारी आगे की रणनीति तय करेंगे।
बुधबाजार की सड़क चौड़ी कर दी गई है, लेकिन पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। ग्राहक अपने वाहन खड़े करते हैं तो पुलिसकर्मी उनका चालान कर देते हैं। इससे ग्राहक बुधबाजार में आने से कतराने लगे हैं।
- शुभम सिक्का, दुकानदार
पहले लोग बसों से इंपीरियल तिराहे तक आ जाते थे। इसके बाद पैदल ही बुधबाजार व दूसरे बाजारों में खरीदारी करते थे। अब अधिकांश लोग अपने वाहनों से आते हैं। पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण दूसरे क्षेत्रों से खरीदारी रहे हैं। इसका असर बुधबाजार के कारोबार पर पड़ रहा है।
- संदीप अरोड़ा, दुकानदार
ग्राहक और दुकानदारों में पुलिस की क्रेन का खौफ बढ़ता जा रहा है। हर रोज पुलिसकर्मी और ग्राहकों के बीच बाजार में नोकझोंक हो रही है। नगर निगम को जल्द ही पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए।
- मयंक कपूर, दुकानदार
एक साल से ज्यादा समय से बुधबाजार के दुकानदार परेशान हैं। सड़क चौड़ी करने के नाम पर नगर निगम ने दुकानदारों का उत्पीड़न किया। अब सड़क बनी तो पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई। इसके कारण दुकानदारों की परेशानी जस की तस है।
- भारत कपूर, दुकानदार
नगर निगम के अधिकारियों से पार्किंग के मुद्दे पर बात हुई है। शहर में जल्द ही कुछ जगह पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
- सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी यातायात