मुरादाबाद के रामंगगा नदी में सोमवार को सड़ी गली हालत में मिले महिला के शव को नागफनी पुलिस ने एक किशोर से उठवाया। पुलिसकर्मी शव से करीब 10-15 मीटर दूर खडे़ होकर वीडियो बनाते रहे।
पुलिस के दबाव में दुर्गंध से बचने के लिए मुंह पर कपड़ा बांधकर महिला के शव को उठाते किशोर का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यह देख एसएसपी ने नागफनी थाने के एसएसआई (दरोगा) को लाइन हाजिर कर दिया है।
वीडियो में दिख रहे अन्य पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिर सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। पुलिस द्वारा दबाव देकर किशोर से शव उठवाने पर कार्रवाई की मांग की।
फेसबुक, ट्वीटर और व्हाट्सएप पर ये वीडियो दिन भर चर्चा का विषय बना रहा। इस वीडियो का संज्ञान राज्य बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ विशेष गुप्ता, डीएम राकेश कुमार सिंह ने भी लिया है।