सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलारी पर शनिवार को डिप्टी सीएमओ के निरीक्षण में स्टॉफ ड्यूटी से अनुपस्थित मिला। इसके अलावा एएनएम के पास जांच में उपयोग होने वाले जरूरी उपकरण भी नहीं पाए गए। अधिकारी का कहना है कि मामले की रिपोर्ट सीएमओ को दे दी गई है।
प्राथमिक विद्यालय वीरपुर निर्धारित समय से पहले बंद मिलने पर प्रधान अध्यापिका को निलंबित कर दिया गया है। जबकि दो सहायक अध्यापकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। साथ ही दो शिक्षामित्रों के मानदेय पर रोक दिया गया है। बीएसए विमलेश कुमार ने बताया कि विद्यालय को समय से पहले बंद करने की अक्सर शिकायत मिलती थी।
इसकी शिकायत सीडीओ के पास भी पहुंची थी। उन्हाेंने बीडीओ भगतपुर टांडा को मामले की जांच सौंपी। शुक्रवार को बीडीओ जब शिकायत की सत्यता की जांच करने के लिए विद्यालय पहुंचे तो विद्यालय दोपहर एक बजकर दस मिनट पर बंद मिला। इसकी रिपोर्ट उन्होंने अधिकारियों को दी।
बीएसए का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रधान अध्यापिका आदाब आजमी को निलंबित किया गया है। जबकि दो सहायक अध्यापक राजवीर सिंह और सुमित को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। वहीं शिक्षामित्र कविता और अंशु का अगले आदेशों तक मानदेय रोक दिया गया है।