घर वालों के शादी को रजामंद न होने से आहत प्रेमी ने प्रेमिका की गोली मारकर जान ले ली। बाद में अपने सीने पर गोली चलाकर खुदकुशी कर ली। गुरुवार शाम बबराला कस्बे में हुई इस वारदात से सनसनी फैल गई। दोनों अलग-अलग समुदाय के होने के कारण कस्बे में पीएसी तैनात की गई है। एसपी यमुना प्रसाद ने भी मौका मुआयना किया।
गुन्नौर कोतवाली के इंस्पेक्टर संजीव कुमार के मुताबिक बबराला के मोहल्ला कंजर कालोनी निवासी सुमित गुप्ता (24)) की कस्बे में ही साइकिल के पुर्जों की बिक्री की दुकान है। सुमित का पड़ोस के मोहल्ले लोहिया कालोनी निवासी युवती भूरी (20) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। अलग-अलग समुदाय के होने के कारण दोनों के घर वाले शादी को राजी नहीं थे।
गुरुवार शाम सुमित अपनी प्रेमिका भूरी के मोहल्ले में पहुंचा। भूरी घर से निकल कर उपले लेने जा रही थी। सुमित ने तमंचे से भूरी के पेट में गोली मार दी। गोली की आवाज होते ही मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए लेकिन उनके बीच से निकलता हुआ सुमित अपने मोहल्ले कंजर कालोनी में पहुंच गया। अपने मकान तक पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने अपने सीने में गोली मार ली।
सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी लाई, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने सुमित के शव के पास से 315 बोर का तमंचा बरामद किया है।
एसपी संभल, यमुना प्रसाद ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का था। परिजनों के राजी न होने पर प्रेमी ने पहले युवती को गोली मारी थी, फिर अपने मोहल्ले में जाकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। तमंचा बरामद कर लिया है। किसी पक्ष से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मामला अलग-अलग समुदाय का होने के कारण एहतियात के तौर पर कस्बे में पीएसी तैनात कर दी है।