देश में अखाड़े के 61 केंद्र
प्रवक्ता ने बताया कि श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के देश मेंं 61 केंद्र मौजूद हैं। विदेश में अमेरिका, इंग्लैंड और नेपाल में भी मठ मंदिर संचालित है। देश में करीब साढ़े सात लाख साधु संत अखाड़े से जुड़े हुए हैं।
प्रयागराज के लिए भेजे गए महंत साथियों पर हमला कर भाग निकले
लालबाग स्थित काली माता मंदिर से प्रयाग राज भेजे गए महंत सज्जन गिरि रायबरेली के आस पास अपने साथियों पर हमला कर भाग निकले हैं। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के महंत की इस सूचना पर जिला पुलिस जांच के लिए सक्रिय हो गई है। एसएसपी के निर्देश पर मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
लालबाग स्थित काली माता मंदिर के पूर्व महंत सज्जन गिरी और राम गिरि को पुलिस ने प्राइवेट वाहन से महंत ग्रीशानंद गिरी और महंत आनंदेश्वर गिरि के साथ नौ अप्रैल को प्रयागराज के लिए भेजा था। आरोप है कि लखनऊ के बंथरा निवासी सज्जन गिरि रायबरेली के आसपास पहुंचने पर अपने करीबी लोगों को बुलाए और साथियों पर हमला कराने के बाद वहां से कहीं चले गए हैं।
श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के महंत हितेश्वर गिरि और महाकाल गिरि ने एसएसपी को पत्र के माध्यम से यह सूचना दी है। बताया है कि सज्जन गिरि ने भागने के लिए अपने अज्ञात साथियों को बुलाया था। आशंका जताई है कि सज्जन गिरि अपने साथियों के साथ काली माता मंदिर के नवनियुक्त महंतों को भी क्षति पहुंचा सकते हैं।
इस मामले में मंदिर पर पुलिस फोर्स तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसएसपी सतपाल अंतिल का कहना है कि अखाड़े की सूचना पर पुलिस घटना की जांच कर रही है। पता चला है कि महंत सज्जन गिरि अपने परिवार के संपर्क में थे।