मुरादाबाद। कोरोना का संक्रमण बेकाबू होकर अब तेजी से फैलने लगा है। शहर के साथ संक्रमण गांव और कस्बों तक पहुंच गया है। बाजारों और कार्यालयों के खुलने से संक्रमण की दोगुनी रफ्तार के साथ नए मरीज सामने आ रहे हैं। मुरादाबाद कम्युनिटी ट्रांसमिशन की दहलीज पर आ गया है। मानसून की बारिश शुरू होते ही संक्रमण और तेजी से फैलेगा। ऐसे में हालात का जायता लेने के लिए मुख्यमंत्री की स्पेशल टीम सोमवार को मुरादाबाद पहुंच गई है। टीम शनिवार तक मुरादाबाद में रहेगी। कोविड और नॉन कोविड अस्पतालों का निरीक्षण करेगी। कोरोना की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा के साथ सामुदायिक संक्रमण फैलाव की स्थिति का अध्ययन भी करेगी।
मुरादाबाद में 314 कोरोना संक्रमित सामने आए और 15 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण के लिहाज से जिला प्रदेश में 9वें और मृत्यु दर में 7वें स्थान पर है। विगत दो सप्ताह से वायरस ने अपना दायरा बढ़ाया है। मई माह में अधिकतर पॉजिटिव वही लोग आए जिनके परिवार में संक्रमित थे या उनकी ट्रैवल हिस्ट्री रही थी। संक्रमण का इलाका भी सीमित था। अनलॉक होते ही बाजार और कार्यालयों में भीड़भाड़ बढ़ने से सोशल डिस्टेंसिंग खत्म हो गई। कई लोग तो बिना मास्क बाजारों में घूमते नजर आ रहे हैं। अत्यधिक भीड़ होने से पुलिस की निगरानी और सख्ती भी बेअसर हो गई है। विगत दो सप्ताह से संक्रमण नए इलाकों तक पहुंचा है। हॉटस्पॉट भी बढ़कर 29 हो गए हैं। संक्रमण की चपेट में वो लोग आ रहे हैं जिनके परिवार और संपर्क में न तो कोई पॉजिटिव है और न उनकी ट्रैवल हिस्ट्री है। अधिकतर मरीज अब नए हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग के साथ सरकार की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। इसे कम्युनिटी ट्रांसमिशन की दहलीज माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण की जद में आए प्रदेश के टॉपटेन 11 जिलों के निरीक्षण के लिए स्पेशल टीम बनाई है। निबंधक सहकारी समितियों लखनऊ एसवीएस रंगाराव और एसजीपीजीआई के न्यूरो सर्जरी के अपर आचार्य डा. अरुण कुमार श्रीवास्तव सोमवार रात मुरादाबाद पहुंच गए हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डा. प्रवीण शाह बताते हैं, नए इलाकों से नए मरीजों की संख्या बढ़ना चिंताजनक है। मानसून के साथ संक्रमण के फैलाव की संभावना बढ़ जाएगी। बारिश में काश्तकार सामूहिक धान की रोपाई करेंगे। घर से बाहर बारिश में भीगने से बचने के लिए लोग किसी सुरक्षित जगह पर शरण लेंगे। इससे सोशल डिस्टेंसिंग खत्म होगी। नमी होने से ड्रापलेट अधिक समय तक सतह पर सक्रिय रहेगा। इन्हीं कारणों से संक्रमण बढ़ने का खतरा बना रहेगा।
- मुख्यमंत्री की स्पेशल टीम सोमवार को मुरादाबाद पहुंच गई है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। इसके बाद अस्पतालों का निरीक्षण करेगी। शनिवार तक टीम रहेगी और मुरादाबाद में संक्रमण की स्थित का अध्ययन करेगी और रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपेगी। - डा. एमसी गर्ग, सीएमओ