नौकरी लगवाने के नाम पर एक युवक से छह लाख रुपये ठग लिए। नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित ने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी। तब आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी भगतपुर के मानपुर गांव निवासी राजपाल का बेटा पुष्पेंद्र कुमार बीएड कर चुका है। उसकी मुलाकात मझोला के क्षेत्र बुद्धि विहार निवासी सूरज पाल और उसके दो साथियों से हुई थी।
सूरज पाल ने पुष्पेंद्र कुमार को झांसा दिया है कि वह उसकी नौकरी कानून गोयन स्थित भारतीय विद्यापीठ प्राथमिक विद्यालय में लगवा देगा। इसके लिए कुछ खर्च करना होगा। तब पुष्पेंद्र ने पिता राजपाल से बात की। इसके बाद पिता-पुत्र ने जमीन बेचकर छह लाख रुपये सूरजपाल दिए थे। रकम लेने के बाद आरोपी सूरजपाल लापता हो गया।
इसके बाद आरोपी ने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। पीड़ित ने मझोला थाने में आरोपी की शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाकर आपस में इस झगड़े का निस्तारण किए जाने की बात कही। तब पुलिस के सामने दो माह में पैसा लौटाने को कह कर आरोपी टाल मटोल कर गया।
लेकिन समय समय पर आरोपी ने रकम वापस नहीं की। सीओ सिविल लाइन अर्पित कपूर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।