विवाहिता की मौत के मामले में पति गिरफ्तार
कांठ में दहेज हत्या के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित इंदिरा नगर मोहम्मदी चौक निवासी जियाउद्दीन कुरैशी ने तीन साल पहले अपनी बेटी सना उर्फ नेहा कुरैशी की शादी कांठ थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी निवासी मोहम्मद खालिद से की थी।
आरोप है कि खालिद और उसके परिवार के सदस्य सना को दहेज के लिए परेशान करते थे। इससे पहले भी उसे गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश की गई थी। 27 मई को दोपहर में खालिद की मां नूरजहां का जियाउद्दीन कुरैशी को फोन आया कि वह जल्दी गढ़ी आकर मिलें। जब वह परिजनों के साथ पहुंचे तो देखा कि सना मृत अवस्था में पड़ी थी।
उसके गले पर रस्सी के गहरे निशान थे। इस मामले में 30 मई को मोहम्मद खालिद, साजिद, राजदा, डॉ. जाहिद, शबाना, मुशाहिद और रिहाना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बुधवार को कांठ पुलिस ने मृतका के पति मोहम्मद खालिद को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।