मुरादाबाद के कांठ के गांव राजीपुर सहसपुर में चढ़त के दौरान दूल्हे के ऊपर रुपये लगाने को लेकर दूल्हे और दुल्हन पक्ष में मारपीट हो गई। घटना में दुल्हन का पिता, भाई सहित तीन लोग घायल हो गए। झगड़े के बाद युवक ने फेरे लेने से इन्कार कर दिया।
विज्ञापन
देर रात पुलिस और ग्रामीणों के समझाने पर दूल्हा पक्ष शादी के लिए राजी हुआ लेकिन बाद में दुल्हन ने फेरे लेने से इन्कार कर दिया। थाने में दो दिन चली पंचायत के बाद भी सहमति न बनने पर बरात बिना दुल्हन लिए लौट गई।
राजीपुर सहसपुर में मुरादाबाद के कांठ क्षेत्र के गांव मगपुरी से बरात आई थी। दोपहर लगभग तीन बजे बरात चढ़त के दौरान दूल्हे के ऊपर दुल्हन के भाई विशाल द्वारा रुपये लगाने को लेकर कहासुनी हो गई।
विज्ञापन
आरोप है कि दूल्हे ने दुल्हन के भाई, पिता व एक रिश्तेदार के साथ मारपीट कर घायल कर दिया था। घटना के बाद दूल्हे ने फेरे लेने से मना कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के समझाने पर रात नौ बजे दूल्हा फेरे लेने को सहमत हुआ लेकिन फिर दुल्हन ने फेरे लेने से मना कर दिया।
दुल्हन का कहना था कि दूल्हे ने शराब पीकर मारपीट की है तो ये आगे भी नहीं सुधरेगा। पुलिस दूल्हे व उसके परिवार सहित दोनों पक्षों को थाने ले आई। सोमवार व मंगलवार दोनों पक्षों के दर्जनों लोगों ने समझौते का प्रयास किए लेकिन दुल्हन शादी नहीं करने पर अड़ गई।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा था, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसके चलते बिना दुल्हन के ही बरात वापस चली गई।
शादी समारोह में डीजे पर डांस करने के विवाद में मारपीट, एक घायल
वहीं, ठाकुरद्वारा के गांव रामूवाला गनेश में शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर विवाद हो गया। इसमें हुई मारपीट में दुल्हन का चाचा घायल हो गया। गांव के संजीव कुमार ने बताया कि उसकी भतीजी की सोमवार की रात को बारात आई थी।
इसमें आयोजित शादी समारोह में वह रात्रि 12:00 बजे पंडाल में पहुंचा। खाना खाने लगा। वहां पर बज रहे डीजे पर कुछ युवक हुड़दंग और डांस कर रहे थे। उसने डांस कर रहे युवकों से उसकी आवाज धीमी करने और उसे बंद करने को कहा तो बे उससे झगड़ा करने लगे।
युवक ने की मारपीट
गाली गलौज करने लगे उसने उन्हें समझाने की कोशिश की तो बरात के साथ आए एक गांव रूपपुर टंडोला निवासी युवक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसके सिर में हाथ में पहना कड़ा मारा। जिससे उसके सिर में खून बहने लगा उसके शोर मचाने पर आरोपी और अन्य युवक वहां से भाग गए।
सूचना पर 112 डायल पुलिस आई। लेकिन आरोपी वहां नहीं मिले। मंगलवार को संजीव कुमार ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया।