मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के लाइन पार ढक्का रोड पर बदमाशों ने लूट के विरोध में अंडा व्यापारी हरि सिंह को गोली मार दी। घटना के समय वह कैश काउंटर पर बैठे थे और कर्मचारी अंदर गोदाम में काम कर रहे थे। शोर शराबा होने पर कर्मचारी गोदाम से बाहर आए तो तीनों बदमाश मोटरसाइकिल से भाग गए।
व्यापारी हरि सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका अंडे का बड़ा व्यापार है। हर रोज लाखों रुपये का लेनदेन होता है। मंगलवार रात भी वह कैश काउंटर पर बैठा था। इसी दौरान दो बाइक आकर रुकीं। एक बाइक पर एक युवक और दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे।
हरि सिंह कुछ समझ पाते। इससे पहले ही बाइक सवारों ने तमंचे निकाल लिए। उन्होंने कहा कि हमें पक्की खबर है। तुम्हारे पास पांच लाख रुपये हैं। अगर रुपये नहीं देंगे तो गोली मार देंगे। इसी दौरान हरि सिंह ने बचने का प्रयास किया तो बदमाशों ने गोली चला दी थी।
पुलिस ने घायल व्यापारी,उनके कर्मचारी और परिजनों से पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने गोदाम के आस पास और ढक्का रोड के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। जिसके जरिए पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।