आर्थिक तंगी से परेशान किसान ने आत्महत्या कर ली। उसका शव घर से एक किलोमीटर दूर पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
नूरुद्दीनपुर गंज गांव निवासी किसान हरद्वारी सिंह (48) का शव बृहस्पतिवार सुबह पेड़ पर लटका मिला। किसान की बड़ी बेटी की 25 अप्रैल को शादी है। परिवार की आर्थिक तंगी के चलते हरद्वारी सिंह मानसिक तनाव में था। किसान हरद्वारी सिंह चंदौसी मंडी समिति में पल्लेदार के रूप में मजदूरी भी करता था।
विज्ञापन
हरद्वारी की पत्नी रूपवती की तीन वर्ष पहले ही कैंसर के चलते मौत हो चुकी है। परिवार में तीन बेटियां नेहा, काजल व रौनक और दो बेटे रचित कुमार व श्रीसंत हैं। हरद्वारी की बेटी नेहा का रिश्ता संभल जिले के कासमपुर गांव निवासी युवक से तय हो चुका है और 25 अप्रैल को उसकी बरात आनी है।
घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थी, लेकिन किसान के उठाए गए आत्मघाती कदम से खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों के मुताबिक सुबह हरद्वारी घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था। सुबह गांव निवासी गोलू अपने ट्यूबवेल पर गया तो खेत में खड़े पेड़ पर हरद्वारी का शव लटका देखा।
विज्ञापन
सूचना पर ग्रामीणों की भी जुट गई। जिस स्थान पर हरद्वारी का शव मिला वह नूरुद्दीनपुर गंज से करीब एक किलोमीटर दूर है। सीओ राजेश कुमार के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल की जांच की। किसान के गले में प्लास्टिक की रस्सी का फंदा लगा था।
मृतक के परिवार की महिलाएं भी मौके पर पहुंची। सीओ ने बताया कि मौत का सही कारण जानने के लिए शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में परिवार की आर्थिक तंगी के चलते किसान द्वारा आत्महत्या करने की बात सामने आई है। किसान के बेटे रचित कुमार की तहरीर पर सूचना दर्ज की गई है।