साइबर अपराधी ने व्यापारी से 94 हजार रुपये ठगे
मुगलपुरा थाना क्षेत्र के जामा मस्जिद वारसी नगर निवासी पीतल व्यापारी मो. मुस्तकीम से साइबर अपराधी ने गरीबों की मदद करने का झांसा देकर 94 हजार रुपये ठग लिए। उन्होंने थाने में तहरीर देकर केस दर्ज कराया है। मो. मुस्तकीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 24 जनवरी 2025 की रात करीब दस बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई।
कॉल करने वाले ने अपना नाम सलमान बताया। इसके बाद आरोपी ने मो. मुस्तकीम से कहा कि हमारी एचवाईसी नाम की संस्था गरीबों की मदद करती है। आरोपी ने उन्हें झांसा दिया कि वह उनके खाते में पैसे भेज रहा है, जिसे गरीबों में बांटना होगा। आरोपी ने मुस्तकीम से मोबाइल नंबर और खाता नंबर ले लिया।
इसके बाद आरोपी ने बताया कि उनके खाते में पैसे नहीं जा रहे हैं। ठग ने उनसे ही चार हजार रुपये अपने खाते में भेजने के लिए कहा। मो. मुस्तकीम ने आरोपी के बताए खाते में चार हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने झांसा देकर दूसरा बैंक खाता नंबर मांग लिया। माे. मुतस्कीम ने अपनी सास के बैंक खाते की जानकारी दे दी।
बातचीत के दाैरान आरोपी ने मो. मुस्तकीम के खाते से दो बार में 90 हजार रुपये और ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद आरोपी ने फोन काट दिया तो मुस्तकीम को ठगी का अहसास हुआ। मुगलपुरा थाना प्रभारी कुलदीप तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।