देहात विधायक ने उठाया खराब सड़क का मुद्दा
देहात विधायक हाजी नासिर कुरैशी ने बैठक में कहा कि ग्राम मुड़िया क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी द्वारा तीन साल पहले बनाई गई एक किमी सड़क जर्जर हो चुकी है। मरम्मत के नाम पर सिर्फ 300 मीटर सड़क की मरम्मत ही की जा सकी है। उन्होंने बताया कि रानीनागल से भोजपुर और रानीनागल से कोरवाकू होते हुए नहर तक के मार्ग की निर्माण वह काफी समय से करते आ रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों से इसका संज्ञान लेकर समस्या समाधान कराने का निर्देश दिया।
ढकिया नगर पंचायत अध्यक्ष बोले- विभाग वाले मुझे बुद्धू बना देते हैं
दिशा की बैठक में ढकिया नगर पंचायत अध्यक्ष मुजम्मिल ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना के तहत उनके क्षेत्र में पेयजलापूर्ति को लेकर चल रहे काम की गुणवत्ता को काफी खराब बताया। उन्होंने कहा कि 50 लाख की लागत से उन्होंने क्षेत्र में सीसी टाइल्स सड़क का निर्माण कराया है।
पेयजल की पाइपलाइन इतनी कमजोर है कि वह कई जगह से फट गई है। उससे निकल रहे पानी के कारण सीसी टाइल्स का काम बैठने लगा है। पूछने पर कोई सही जानकारी नहीं देता, सब एक दूसरे पर टालते हैं। जब चेयरमैन को ही यह लोग बुद्धू बना देते हैं तो आम नागरिक की कौन कहे। इस पर सांसद ने सीडीओ से जांच कराने को कहा।
डीएम, नगर आयुक्त के बैठक में न आने पर सांसद ने जताई नाराजगी
दिशा की बैठक में डीएम व नगर आयुक्त के न आने पर सांसद ने नाराजगी जताई। सांसद ने कहा कि जब तक डीएम नहीं आएंगे बैठक शुरू नहीं होगी। वह बैठक छोड़कर जाने की तैयारी कर रहीं थीं कि इसी बीच डीएम का फोन आ गया। उन्होंने कहा कि वह बाहर गए थे, वापस लौट रहे हैं। इसके बाद बैठक शुरू हो गई।
नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कार्यों का ब्योरा उपलब्ध नहीं कराने और बैठक में नगर आयुक्त के न पहुंचने पर भी सांसद ने नाराजगी जताई। सांसद ने सीडीओ से कहा कि आगे तभी बैठक आयोजित की जाए जब सभी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहें।