ठाकुरद्वारा-मुरादाबाद रोड पर तेज रफ्तार एक कार ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। इसमें बाइक चला रहे छात्र वोवदवाला निवासी वरुण कुमार चौहान (19) की मौत हो गई जबकि पीछे बैठा उसका दोस्त गांव सुंदरनगर भूतखेड़ा निवासी सौरभ घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार एक ग्रामीण लौंगी खुर्द निवासी तहसीन अहमद भी घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि वरुण एक हलका दरोगा के कारण तनाव में था।
क्षेत्र के गांव वोवदवाला निवासी छात्र वरुण चौहान की मौत के लिए उसके पिता तेजपाल सिंह ने एक दरोगा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह के सामने रोते हुए बताया कि करीब 15 दिन पूर्व दरोगा संदीप मलिक ने उनके पुत्र पर झूठा आरोप लगाकर उत्पीड़न किया।
जिस पर उसके पुत्र वरुण की झूठे आरोप को लेकर दरोगा से काफी नोकझोंक और मारपीट भी हुई थी। मारपीट में दरोगा का वर्दी एक बिल्ला टूटकर गिर गया था। जो उनके पास सबूत के तौर पर मौजूद है। आरोप है कि मामले को निपटाने के लिए दरोगा ने उनसे तीन लाख रुपये लिए थे।
जिससे इस घटना के बाद उनका पुत्र वरुण तनाव में रहता था। तनाव के चलते ही उसके पुत्र की मौत हुई। इसके लिए दरोगा और एक कांस्टेबल जिम्मेदार है। उन्होंने पूर्व सांसद से आरोपी दरोगा, एक कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जिस पर पूर्व सांसद ने एसएसपी हेमराज सिंह मीना से मोबाइल पर वार्ता की। पूर्व सांसद ने बताया कि एसएसपी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है। पूर्व सांसद के अनुसार दरोगा द्वारा लिए गए रुपए को पुलिस के अधिकारी मृतक के पिता तेजपाल सिंह को वापस करेंगे।