जिले के प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद ने समारोह के दौरान कहा कि फिलहाल 19 सीटर विमान उड़ान भरेंगे लेकिन लोगों को निराश होने की जरूरत नहीं है। यह पहला चरण है, दूसरे चरण में बहुत बदलाव देखने को मिलेगा। मुरादाबाद से लोग हर बड़े शहर के लिए फ्लाइट ले सकेंगे। हवाई अड्डा इस शहर की दशा बदलने में सहयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने बरेली हवाई अड्डे का उदाहरण देते हुए कहा कि फिलहाल मंडल व आसपास के लोग बरेली पर निर्भर हैं। बहुत जल्द मुरादाबाद से हर बड़े शहर के लिए फ्लाइट शुरू की जाएंगी।
मुख्य द्वार पर पीएम मोदी की फोटो वाले फ्लैक्स लगे
हवाई अड्डे पर पहुंचने वाले मेहमानों के स्वागत के लिए अंदर व बाहर सजावट की गई थी। हवाई अड्डे के मुख्य द्वार पर पीएम नरेंद्र मोदी के फोटो वाले बड़े-बड़े फ्लैक्स लगाए गए थे। इसमें मुरादाबाद हवाई अड्डे का चित्र लगाया गया। जोकि विकास को दर्शा रहा है।
इसी तरह के फ्लैक्स अंदर परिसर में लगाए गए हैं। हवाई अड्डे पर तैनात सीआईएसएफ के जवानों को मुस्तैद कर दिया गया है। 69 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पुलिस व फायर फाइटर्स की तैनाती भी की गई है।
फ्लाइट कब शुरू होगी, इसका शेड्यूल अभी जारी नहीं हो सका है। एचपीसीएल कंपनी को विमान के फ्यूल के अनुबंध के लिए डीजीसीए से सहमति नहीं मिली है। इस कारण फ्लाइट शुरू होने में चार से पांच दिन का समय लग सकता है।