सिर्फ दो विमानों से तीन हवाई अड्डों पर चल रही हैं सेवाएं
विभागीय जानकारों का कहना है कि फ्लाई बिग कंपनी के पास सिर्फ दो विमान हैं। इन्हीं विमानों से अलीगढ़, आजमगढ़ व चित्रकूट हवाई अड्डों पर सेवाएं दी जा रही हैं। जब नए विमानों को लाइसेंस मिल जाएगा तब ही मुरादाबाद व श्रावस्ती हवाई अड्डे से फ्लाइट शुरू होगी। हवाई अड्डे को डीजीसीए से लाइसेंस मिलने से पहले कंपनी के अधिकारियों ने दौरा किया था। तब उनका कहना था कि इंडोनेशिया के पायलट मुरादाबाद से विमान उड़ाएंगे। अब विमानन सेवा शुरू करने के लिए पायलट ही नहीं हैं।
चुनाव के बाद तक खिंच सकता है इंतजार
फिलहाल एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया व फ्लाई बिग कंपनी का स्टाफ होली की छुट्टियों पर जाने लगा है। कंपनी के उच्च प्रबंधन की ओर से भी उड़ान को लेकर कोई संदेश नहीं है। माना जा रहा है कि फ्लाइट का इंतजार चुनाव के बाद तक खिंच सकता है। इस बीच में यदि विमानों को लाइसेंस मिला और पायलटों की नियुक्ति हो गई तो ही फ्लाइट शुरू हो पाएगी। मुरादाबाद से लखनऊ तक की सेवा पहले शुरू की जाएगी। कानपुर के लिए और इंतजार करना होगा।
हमारी ओर से सारी व्यवस्थाएं हैं। यदि फ्यूल स्टेशन नहीं बनेगा तो टैंकर से फ्यूल आ जाएगा लेेकिन फ्लाई बिग की व्यवस्थाओं के बारे में मुझे अंदाजा नहीं है। विमानन सेवा शुरू होने का फिलहाल कोई संदेश नहीं है।
- श्याम सुंदर महला, विमानपत्तन प्रबंधक
एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से कोई सूचना जिला प्रशासन को नहीं दी गई है। इस बारे में हमें कोई जानकारी नहीं है कि उड़ान कब तक शुरू होगी।
- गुलाबचंद, एडीएम प्रशासन
फिलहाल उड़ान को लेकर कोई अपडेट नहीं है। मैं अपने उच्चाधिकारियों से बात करने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा। उनकी ओर से अभी कोई मैसेज नहीं मिला है।
- राजीव कुमार, फ्लाई बिग प्रबंधक