मुरादाबाद में चीनी मांझे से सिपाही समेत तीन लोगों की गर्दन कटने की घटनाओं के बाद पुलिस ने सख्ती शुरू की है। पुलिस ने मोहल्लों में जागरूकता अभियान चलाते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार चेकिंग चलती रहेगी।
मुरादाबाद में दो दिन में चीनी मांझे से तीन लोगों की गर्दन कटने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने शनिवार को भी चीनी मांझा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। शनिवार को पुलिस ने गली-मोहल्ले में घूमकर लोगों से संवाद किया और उन्हें चीनी मांझे से होने वाले नुकसान के बारे में बताया।
विज्ञापन
वहीं पुलिस ने नागफनी क्षेत्र में चीनी मांझा बेच रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चीनी मांझा भी बरामद किया। बुधवार को कटघर में सिपाही और जयंतीपुर में जावेद नाम के युवक की गर्दन कट गई थी।
इसके अगले ही दिन बैंक पीओ कोमल चौधरी की गर्दन कट गई थी। इसके बाद पुलिस लगातार चीनी मांझा बेचने और खरीदने वालों पर कार्रवाई कर रही है। शनिवार को मुगलपुरा, नागफनी और गलशहीद के अलावा कटघर थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चीनी मांझे के प्रति लोगों को जागरूक किया।
विज्ञापन
नागफनी थाने की पुलिस ने नागफनी के मोहल्ला अंडेवालान निवासी मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चीनी मांझे की पांच चरखी बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि चीनी मांझा बेचने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।