मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में शुक्रवार रात स्कूटी सवार बदमाशों ने बाइक मैकेनिक से मोबाइल छीन लिया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के फकीरपुरा निवासी इस्तियाक हुसैन बाइक मैकेनिक हैं। वह शुक्रवार रात नमाज पढ़ने के लिए नवीन नगर स्थित दुकान से साइकिल लेकर घर जा रहे थे। रास्ते में फकीरपुरा में ही इस्तियाक के मोबाइल पर एक कॉल आ गई। वह साइकिल रोक कर फोन पर बात करने लगे। इसी दौरान पीछे से स्कूूटी सवार दो बदमाश आए। स्कूटी पर पीछे बैठे बदमाश ने इस्तियाक के हाथ से मोबाइल झपट लिया। इस्तियाक ने शोर मचाते हुए बदमाशों की स्कूटी का पीछा किया, लेकिन बदमाश स्कूटी की रफ्तार बढ़ाकर भाग निकले। पीड़ित ने चौकी पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है।