मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में दिल्ली रोड पर शनिवार रात एक युवती से बाइक सवारों ने मोबाइल छीन लिया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।
मझोला थानाक्षेत्र के मिलन विहार निवासी अर्चना लाकड़ी फाजलपुर स्थित एक निर्यात फर्म में नौकरी करती हैं। शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह ड्यूटी से कर घर लौट रहीं थीं। वह दिल्ली रोड पर विहार कालोनी गेट के पास पहुंची इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आ गए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर अर्चना के हाथ से मोबाइल छीन लिया। इसके बाद बदमाश लोकोशेड पुल की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची पीड़ित युवती से पूछताछ की। इसके बाद बदमाशों की तलाश की। मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर मोबाइल बरामद किया जाएगा।