मुरादाबाद नगर विधायक के भाई पर हमला
- फोटो : अमर उजाला
मुरादाबाद शहर सीट से भाजपा विधायक रितेश गुप्ता के भाई अमित गुप्ता की स्कूटी के आगे हमलावरों ने अपनी स्कूटी लगा कर उन्हें घेर कर हमला किया था। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को हमले के आरोपी अभिषेक मल्होत्रा और अनमोल दिवाकर को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उन्होंने कबूला है कि चुनाव की रंजिश में साजिश रचकर हमला किया था।
सोमवार की शाम पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। गलशहीद के गांधी नगर निवासी भाजपा विधायक रितेश गुप्ता के छोटे भाई अमित गुप्ता सराफा कारोबारी हैं। उनकी दुकान कोतवाली क्षेत्र के मंडी चौक में है।
रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे वह दुकान से घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि अभी उनकी स्कूटी दुकान से कुछ ही दूरी पर पहुंची थी। इसी दौरान उनकी स्कूटी के सामने तीन युवकों ने स्कूटी लगा दी। अमित गुप्ता को निकलने को जगह नहीं मिली तो उन्हें स्कूटी सवार युवक को टोक दिया था।
आरोप है कि स्कूटी सवार युवकों ने उन पर हमला कर दिया। उनका गला दबाकर हत्या की कोशिश भी की। उन्हें जमीन पर गिरा कर बुरी तरह पीटा। जिसमें वह घायल हो गए थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अमित गुप्ता को जिला अस्पताल भिजवा दिया।
जहां भाजपा विधायक रितेश गुप्ता और अन्य भाजपा नेता भी पहुंच गए थे। पुलिस ने मुगलपुरा के गुड़िया बाग निवासी अभिषेक महरोत्रा और कोतवाली के गुड़िया मोहल्ला निवासी अनमोल दिवाकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला है कि अमित गुप्ता से उनकी चुनाव को लेकर रंजिश चल रही थी।
वहीं आराेपियों का कहना है कि अमित गुप्ता के परिवार के लोग विधानसभा चुनाव में वोट न देने का आरोप लगाते थे। रविवार शाम अभिषेक, अपने भाई अमन और दोस्त अनमोल के साथ बाजार गया था। उन्होंने देखा कि अमित गुप्ता दुकान बंद कर घर जा रहे हैं तो उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। उनका गला दबाकर उनकी हत्या की कोशिश की गई। वह बेहोश हो गए और लोग मौके पर जुटे तो तीनों वहां से भाग गए थे।