अगवानपुर। शेरुआ चौराहा स्थित घर में शनिवार की रात घुसे तीन बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी के बेटे पर हमला कर तीन लाख रुपये की नकदी और करीब नौ लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। बदमाशों ने व्यापारी के बेटे हर्ष पर धारदार हथियार से हमला भी किया। पुलिस ने इस मामले की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के अगवानपुर निवासी संजय विश्नोई की शेरुआ चौराहे पर हर्ष क्लाथ और अगवानपुर में विश्नोई क्लाथ हाउस नाम से दो दुकानें हैं।अगवानपुर आने वाले मार्ग पर व्यापारी का मकान है। व्यापारी के बड़े पुत्र अनुराग के मुताबिक शनिवार की रात पिता संजय के कमरे का एसी खराब था। इस वजह से पिता दूसरे मकान में सोने गए थे। मां सीमा अलग कमरे में सोई थीं। जबकि अनुराग पत्नी और बच्चों के साथ अपने कमरे में सो रहे थे।
छोटे भाई हर्ष और आलोक आंगन में सोए हुए थे। देर रात बदमाश बराबर में निर्माणाधीन दुकानों की ऊंची दीवार के सहारे उनके मकान की छत पर चढ़ गए। बदमाशों ने गेट की जाली काट ली और दरवाजे की चटकनी खोलकर मकान के अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने व्यापारी के कमरे से तीन लाख रुपये, जेवरात बैग में भर लिए।
दो बदमाश एक बैग लेकर मकान की छत के रास्ते से निकल गए। इस दौरान हर्ष की आंख खुल गई। हर्ष ने दूसरा बैग लेकर भाग रहे एक बदमाश को मौके पर दबोच लिया। इस पर बदमाश धारदार हथियार से हर्ष पर हमला कर भाग निकला। फिर भी घायल हर्ष ने बैग नहीं छोड़ा। उसने बदमाश के हाथ से बैग छीन लिया था।
अनुराग का कहना है कि लूटे गए जेवरात की कीमत करीब नौ लाख रुपये है। रविवार की सुबह एएसपी, सीओ अभिनव द्विवेदी और सिविल लाइंस थाना प्रभारी मनीष सक्सेना मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य उठाए। जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक चाकू पड़ा मिला। थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।