मुरादाबाद। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सोमवार को बिना पीपीई किट मेरठ मेडिकल कॉलेज के जिस इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया था उसमें भर्ती छह मरीजों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव निकले छह में से दो मरीजों से सोमवार को मंत्री ने निरीक्षण के दौरान बातचीत भी की थी। इसके बाद मंगलवार को मुरादाबाद पहुंचे मंत्री ने दो - दो समीक्षा बैठक कीं और टीएमयू मेडिकल कॉलेज हास्पिटल का निरीक्षण भी किया। समीक्षा बैठकों में डीएम, एसएसपी और सीएमओ समेत तमाम अधिकारी व भाजपा नेता मौजूद रहे। मंत्री ने प्रेस वार्ता की जिसमें 20 से अधिक पत्रकार भी शामिल थे। अब मंत्री के कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने की सूचना से सभी लोगों में खलबली मची है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से करीब 40 मिनट पहले मंगलवार दोपहर 12 बजे कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना का हेलीकाप्टर सर्किट हाउस में उतरा। इसके बाद मंत्री ने सर्किट हाउस में पुलिस - प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ एक संक्षिप्त बैठक ली। डीएम राकेश सिंह ने मंत्री के सामने जिले में कोविड से बचाव के लिए की गई तैयारियाें और लॉकडाउन में गरीबों के लिए किए गए कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। कुल पॉजिटिव मरीजों और ठीक होकर घर जा चुके कोरोना संक्रमितों के बारे में भी मंत्री को जानकारी दी गई। इसके बाद मंत्री टीएमयू पहुंचे। मंत्री के साथ मौजूद शहर विधायक रितेश गुप्ता ने बताया कि उन्हें इमरजेंसी का निरीक्षण करना था। लेकिन टीएमयू में इमरजेंसी शुरू नहीं हुई थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रशासनिक व मेडिकल अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। मंत्री ने कहा कि उनके दौरे का उद्देश्य ही इमरजेंसी का निरीक्षण करना था। लेकिन इमरजेंसी शुरू ही नहीं हुई है तो फिर वह यहां क्या देखें। उन्हाेंने तुरंत सभी अस्पतालों में इमरजेंसी शुरू कराने और टीएमयू में जनरल इमरजेंसी के लिए प्रवेश व निकास अलग से बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्हाेंने टीएमयू में ही एक हॉल में डाक्टर्स व अधिकारियों के साथ बैठक की। यहीं से उन्हाेंने कोरोना संक्रमित मरीजों को फोन मिलवाकर उनसे स्वास्थ्य सेवाओं, खाने आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली। यहां वापस सर्किट हाउस पहुंचे मंत्री ने भाजपा नेताओं के साथ बैठक की और पत्रकार वार्ता कर कोरोना से जंग के लिए उठाए गए सरकार के कदमों के बारे में विस्तार से बताया। यहां से मंत्री हेलीकाप्टर से लखनऊ रवाना हो गए। सर्किट हाउस में कांठ विधायक राजेश चुन्नू, एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, जिलाध्यक्ष राजपाल चौहान आदि भाजपा नेता मौजूद रहे। इससे पहले टीएमयू पहुंचने पर टीएमयू के ग्रुप वाइस चेयरमैन मनीष जैन व अन्य लोगों ने मंत्री का स्वागत किया।
शाम को करीब छह बजते - बजते पता चला कि मंत्री ने सोमवार को मेरठ में जिन मरीजों का हालचाल पूछा वह कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यह जानकारी मिलते ही दिन में मंत्री के साथ रहे अधिकारियों, नेताओं व अन्य लोगों की बेचैनी बढ़ गई।