मुरादाबाद। शहर को आदर्श नागरिक सुविधाएं देने के लिए कम्यूनिटी सेंटर, लाइब्रेरी, कन्वेंशन सेंटर और स्पोर्ट्स कांपलेक्स के निर्माण की व्यवस्था की की जाएगी। यह निर्णय मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में नगर निगम, आवास विकास परिषद, टाउन प्लानिंग डिपार्टमेंट, एमडीए के अधिकारियों और अभियंताओं के साथ कमिश्नर सभागार में हुई बैठक में लिया गया।
कमिश्नर ने एमडीए सचिव सर्वेश गुप्ता को निर्देश दिए कि वह आवास विकास परिषद को कम्यूनिटी सेंटर, लाइब्रेरी एवं स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के निर्माण के लिए भूमि की मांग का प्रस्ताव दें। ताकि जल्द ही मुरादाबाद शहर वासियों को इन आदर्श आधारभूत नागरिक सुविधाओं से लाभान्वित किया जा सके। आयुक्तने मुरादाबाद में अमृत सरोवरों को विकसित करने के लिए विभिन्न सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराकर उन्हें अमृत सरोवरों के रुप में चिह्नित करने को कहा।
आयुक्तने कहा कि सोनकपुर पुल का निर्माण कराया जा रहा है । जनहित में उसका लिंकअप बुद्धि विहार योजना के 80 या 100 फीट विकसित मार्गों से जोड़ते हुए दिल्ली रोड पर कराने को कहा। इसके लिए मुरादाबाद विकास प्राधिकरण को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देेश दिया। साथ ही भारी वाहनों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए उत्तर प्रदेश सेतु निगम के अभियंताओं को कार्ययोजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बैठक में अधीक्षण अभियंता आवास विकास परिषद प्रमोद कुमार ने बताया कि मझोला योजना संख्या-4 भाग-2 की समस्त सर्विसेज को नगर निगम मुरादाबाद को हस्तांतरण करने के प्रकरण में जो प्रक्रिया है उसके लिए आवास विकास परिषद द्वारा नमामि गंगे योजना से निशुल्क एसटीपी के निर्माण के लिए भूमि तथा नगर निगम के कार्यालय के लिए जरूरी भूमि नगर निगम से चाहे गए स्थान पर हस्तगत की जा चुकी है।
बैठक में बताया गया कि आवास विकास परिषद की मझोला योजना संख्या-4 भाग-2 की आंतरिक सर्विसेज जैसे सड़क, सीवर, नाली आदि की टूट-फूट एवं मरम्मत के लिए प्राक्कलन नगर निगम तैयार कर रहा है। जिसे अतिशीघ्र आवास विकास परिषद को भेजे जाने के आयुक्त ने निर्देश दिए, ताकि योजना का हस्तांतरण विधिवत हो सके। बैठक में कमिश्नर ने यह भी निर्देशत दिया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए वांछित स्थल का प्रावधान मझोला योजना सं-4 भाग-2 विस्तार के तहत कराया जाए। इसके साथ ही पुलिस थाने के लिए भी भूमि का प्राविधान भी विस्तार योजना के अंतर्गत कराया जाए।
बैठक में डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, नगर आयुक्त संजय चौहान, सचिव एमडी सर्वेश गुप्ता, अपर नगर आयुक्त विशाल यादव, अधीक्षण अभियंता आवास विकास प्रमोद कुमार, संयुक्त नियोजक विवेक भास्कर आदि अधिकारी मौजूद रहे।