मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन के गोदाम में ही नहीं मुरादाबाद के मंडलीय ड्रग वेयर हाउस में भी 11 लाख रुपये कीमत की दवाइयां भी एक्सपायर हो गईं। ये दवाइयां मरीजों तक नहीं पहुंच पाईं, इनमें जीवन रक्षक औषधियां भी शामिल हैं। हालांकि जिम्मेदार लॉकडाउन में दवाइयां एक्सपायर होने बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को लखनऊ के ट्रांसपोर्ट स्थित उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन के गोदाम पर छापा मारकर 16.40 करोड़ रुपये की दवाएं पकड़ीं। ये दवा उपयोग के लिए भेजी ही नहीं गईं। इसके चलते दवाएं एक्सपायर हो गईं। एक्सपायर दवाएं केवल यूपी एमएससी के गोदाम तक ही सीमित नहीं है। मुरादाबाद भी एक्सपायर दवाओं की कड़ी में जुड़ा है। यहां के मंडलीय ड्रग वेयर हाउस में करीब 11 लाख रुपये कीमत की दवाइयां एक्सपायर हो गईं। ये दवाइयां न तो गोदाम से बाहर निकल सकीं और न ही मरीजों के काम आ सकीं। एक्सपायर में बीटाडाइन मलहम, बच्चों की एंटीबायोटिक, आयरन इंजेक्शन, हार्ट फेल्योर में इस्तेमाल होने वाला इंजेक्शन समेत 13 तरह की दवाएं शामिल हैं।