मुरादाबाद। एमडीए की प्रवर्तन टीम ने सोनकपुर देहात (भोला सिंह मिलक) सहित दो स्थानों पर 25 बीघा के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर उनको ध्वस्त कर दिया। साथ की टीम ने चेताया कि अवैध निर्माण करने पर इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।
एमडीए ने अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। एमडीए के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह के निर्देश पर टीम ने मंगलवार को थाना मझोला क्षेत्र के सोनकपुर देहात (भोला सिंह की मिलक) में 15 बीघा भूमि पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर चलाया। यह भूमि प्रापर्टी डीलर रमेश की बताई जा रही है। भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही थी। इसी प्रकार टीम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पास अमरपाल और जुल्फिकार के 10 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को भी तहस-नहस कर दिया। एमडीए की कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइज़रों में खलबली मच गई है। इस कार्रवाई में जेई मनोज सिंह, राजन सिंह और सतवीर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे।
गजरौला में अवैध निर्माण हुआ सील
एमडीए के प्रवर्तन प्रभारी अरुण कुमार शर्मा के नेतृत्व में सहायक सागर गुप्ता और जेई योगेश गुप्ता की टीम ने गजराैला में 400 मीटर भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इस बारे में एमडीए सचिव अंजुलता ने बताया कि शहर में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण, बिना नक्शा पास कराए प्लॉटिंग या अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।