ैलेक्सी अपार्टमेंट में अवैध निर्माण को एमडीए की जेसीबी द्वारा गिराते हुए। संवाद
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान चर्चा में रहा बुलडोजर शुक्रवार को शहर में भी गरजा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के डीआईजी तिराहा के निकट गोविंद सहकारी आवास समिति द्वारा बनाए जा रहे फ्लैट में पास नक्शे से अधिक क्षेत्र में किए गए निर्माण कार्य (छज्जा आदि) को ध्वस्त कर दिया गया। ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई देखने वहां लोगों की भीड़ भी इकट्ठा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए मंडलायुक्त आवास मार्ग पर जाम की स्थिति भी बनी।
एमडीए सचिव सर्वेश गुप्ता ने बताया कि गोविंद सहकारी आवास समिति सिविल लाइंस थाना क्षेत्र गैलेक्सी अपार्टमेंट और सड़क के बीच स्थित भूमि पर फ्लैट का निर्माण करा रही है। आसपास दो स्थानों पर छह फ्लैट्स बनाए जा रहे हैं। जांच में तीन मंजिला बनाए जा रहे इन फ्लैटों के निर्माण कार्य में छज्जा समेत कुछ निर्माण स्वीकृत मानचित्र से अलग पाए गए। जिसके तहत शुक्रवार को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर मानचित्र के अतिरिक्त निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान मौके पर मौजूद एसडीएम प्रबुद्ध सिंह ने बताया कि गोविंद सहकारी आवास समिति के निर्माणाधीन फ्लैट में एमडीए की टीम को जांच में छज्जे समेत कुछ अन्य निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र से अलग पाए गए थे। इस पर समिति पदाधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया था। स्वीकृत मानचित्र के अतिरिक्त अतिक्रमण कर किए गए निर्माण को खुद ही हटा लेने के लिए भी समय दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी उसे नहीं हटाया गया। लिहाजा शुक्रवार को पुलिस बल और एमडीए के अभियंताओं के साथ मौके पर पहुंच कर स्वीकृत मानचित्र से अतिरिक्त किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। इस मौके पर सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी सिंह व एमडीए के कई अभियंता भी मौजूद रहे।
जिस भूमि पर फ्लैट का निर्माण किया जा रहा है वह भूमि डेढ़ दशक पहले कामर्शियल रेट पर डीएम से नीलामी में ली गई है। एमडीए से फ्लैट का नक्शा आदि भी पास है। मेरी आर्किटेक्ट से बात हुई है। उसका कहना है कि कुछ स्थानों पर छज्जा आदि अधिक निकला था वह कंपाउंड का मैटर था। मैंने कमिश्नर के यहां अपील भी दाखिल कर रखी है। वहां मैं अपना पक्ष रखूंगा।
गुरजीत सिंह चड्ढा, अध्यक्ष गोविंद सहकारी आवास समिति
--