मुरादाबाद। नयाा मुरादाबाद के सेक्टर सात में लाखों की लागत से ओवरहेड टैंक तो बना दिया लेकिन शुरू नहीं किया गया। नतीजा ये हुआ कि पाइप लाइन होने के बाद भी लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचा। सीवर पाइप लाइन भी बना दी लेकिन उससे घरों की नालियों को जोड़ने की जरूरत नहीं समझी। सड़कें और पार्क का हाल भी बदहाल है। बेहतर सुविधाओं की आस लेकर नया मुरादाबाद में बसने आए लोगों का सपना अब टूट रहा है।
नया मुरादाबाद को एमडीए ने बसाया है, लोगों ने यहां यही सोच कर प्लॉट खरीदे और भवन बनवाए कि यहां शहरी सुविधाएं मिलेंगी। एमडीए ने प्लॉट बेचने के लिए शुरुआत में यहां ढांचागत निर्माण कराया। दिखाने के लिए मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराईं लेकिन बाद में उनका रखरखाव नहीं किया। परिणाम यह हुआ कि करोड़ों की लागत से कराया गया निर्माण अब बदहाल हो गया।
स्थानीय लोगों का बेहतर शहरी सुविधाओं को सपना भी सपना ही रह गया। सेक्टर 7 में पेयजल व सीवर पाइप लाइन, ओवरहेड टैंक, सड़कें आदि है लेकिन सुचारु कुछ भी नहीं है। पार्क ऐसे हैं, जहां दिन में ही नीलगायें भटकती रहती हैं। खाली प्लॉटों व अन्य स्थानों पर सांप बिच्छू निकलते हैं। लोगों के पेयजल के लिए सबमर्सिबल लगाना पड़ रहा है। सड़कों के नाम पर सिर्फ बजरी ही बिखर रही हैं।
इनकी सुनिए
- नया मुरादाबाद के सेक्टर सात में ही मेरे घर के निकट ही ओवरहेड टैंक बना हुआ है लेकिन उसे एमडीए ने अभी तक सुचारु ही नहीं किया गया। सब मर्सिबल लगाकर पानी ले रहे हैं।
- महेश कुमार व्यास
- सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है, कभी कोई कर्मचारी सफाई करने नहीं आता है। जिसके कारण सड़कों के किनारे कूड़ा डाला जाता है, यही कारण है कि गंदगी फैली रहती है।
- राहुल शर्मा
- पूरे सेक्टर सात में सड़कें तो बनी थीं, लेकिन दोबारा मरम्मत नहीं की गई है। यही कारण है कि सभी सड़कें खराब हो चुकी हैं। कुछ सड़कें पर उखड़ी बजरी पड़ी है।
- सत्यवीर सिंह
- सेक्टर में लगाए गए बिजली के पोल सड़ चुके हैं। कई टूट चुके हैं लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद उन्हें बदला नहीं जा रहा है। हर समय हादसा होेने की आशंका बनी रहती है।
- जय प्रकाश
- यहां तो एक बिजली की लाइन तक चालू नहीं है। लोगों को केबिल लगाकर किसी तरह बिजली का उपयोग करना पड़ रहा है। सभी पार्कों की स्थिति बदहाल है, इनमें जंगली पशु घूमते हैं।
- रूपेश गुप्ता जीतू
-
वर्जन
एमडीए की देखरेख वाले क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं दी जा रही हैं। सड़कों और पार्कों की मरम्मत भी कराई जाती है। यदि कहीं से शिकायत आती है तो वहां टीम भेजकर समस्या का समाधान कराया जाता है।
पंकज वर्मा, सचिव, एमडीए