गजरौला स्थित हेलीपेड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में अपराधियों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले महीने लोकसभा चुनाव की घोषणा हो जाएगी, इसलिए अभी से हिस्ट्रीशीटर तथा अन्य गंभीर अपराधियों का चिन्हांकन कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। हालात यह हों कि वदमाश यूपी छोड़ जाएं या फिर जेल के अंदर हों, चुनाव के दौरान बदमाश खुले में नहीं घूमने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पिछले महीने अमरोहा में शहीद सिपाही हर्ष चौधरी के परिवार के बारे में जानकारी की। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सिपाही के परिजन होम लोन माफ कराने का अनुरोध कर रहे हैं। सीएम ने डीएम अमरोहा और एडीजी प्रेम प्रकाश से कहा कि वह शासन में होम लोन की जानकारी करके उसकी अदायगी सरकार की ओर से कराने का प्रस्ताव भिजवाएं।
गजरौला में सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री ने मूढापांडे हवाईपट्टी पर कमिश्नर यशवंत राव, डीएम राकेश कुमार सिंह और डीआईजी जे रविंदर गौड़ से मुरादाबाद की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों के बारे में जानकारी की। उन्होंने कहा कि फरवरी में विकास कार्य तेजी से कराएं, क्योंकि मार्च से मई तक लोकसभा चुनाव के कारण पांच महीने तक विकास कार्य पूरी तरह से ठप हो जाएंगे।