उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की प्रवक्ता संवर्ग की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से शनिवार को संपन्न हो गई। परीक्षा में 7315 अभ्यर्थी शामिल हुए और 4436 ने परीक्षा छोड़ दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि सुबह 10 केंद्रों पर साढ़े नौ बजे से पहली पाली शुरू हुई। साढ़े ग्यारह बजे तक चली परीक्षा में 3424 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा के लिए 5435 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। 2011 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर ढाई बजे से अपराह्न साढ़े चार बजे तक 11 सेंटरों पर हुई। दूसरी पाली के लिए 6316 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था। इसमें 3891 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2425 ने परीक्षा छोड़ दी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि दोनों ही पाली में कुल 11751 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था। इनमें 7315 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 4436 ने परीक्षा छोड़ दी। डीआईओएस के मुताबिक परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी।