कुंदरकी (मुरादाबाद)। गांव इमरतपुर सिरसी श्वेता (22) का शव संदिग्ध अवस्था में कमरे में पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम इमरतपुर सिरसी निवासी राहुल की शादी आठ माह पहले रामपुर जिले के टांडा बादली थाना क्षेत्र के ग्राम शहपुरा निवासी श्वेता के साथ हुई थी। रविवार की दोपहर जब श्वेता का शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे पर लटका मिला। ननद-देवर ने शव लटका देकर शोर मचाया तो भीड़ एकत्र हो गई। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव नीचे उतारा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जानकारी होने पर सीओ अशोक कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
गांव में गृहक्लेश में आत्महत्या की चर्चा थी, लेकिन मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि शनिवार की रात किसी बात को लेकर विवाहिता की पति से कहासुनी हुई थी। तहसीलदार अंकित गिरी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
पहली पत्नी की मौत के बाद राहुल ने श्वेता से की थी दूसरी शादी
इमरतपुर सिरसी निवासी राहुल की पहली पत्नी पूजा की करीब 11 माह पहले प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। जच्चा-बच्चा की मौत को लेकर काफी हंगामा हुआ था। इसके बाद आठ माह पहले राहुल की दूसरी शादी पहली पत्नी की रिश्तेदार श्वेता के साथ हुई थी। बताते है कि घर में श्वेता के साथ ससुर राजेंद्र सिंह, अविवाहिता ननद कुमकुम, देवर निशांत, रूपेंद्र, सुधांशू भी रहते थे। आकस्मिक घटना से गमगीन नजर आए लेकिन राहुल पुलिस को घर पर नहीं मिला।
जूते-मौजे और खजूर खरीदकर लाई थी श्वेता
देवर निशांत ने बताया कि रविवार की सुबह भाई के साथ भाभी कुंदरकी के बाजार गई थीं। बताया कि भाभी जूते-मौजे और खजूर खरीदकर लाई थीं, जिसके बाद भाई काम करने को चल गए थे। बताया कि वह भी छोटे भाई रूपेंद्र के साथ कुंदरकी गया था। करीब एक बजे सबसे छोटे भाई सुधांशू ने फोन कर बताया कि भाभी कमरे में फंदे पर लटकी हैं, जिसके बाद लोगाें की मदद से उनको नीचे उतारा लेकिन जान नहीं बच सकी। पुलिस ने भी भाई बहन से जानकारी ली है।
फोटो संख्या पांच से लेकर आठ तक भेजे गए हैं।