ठाकुरद्वारा। रामपुर के एक युवक ने दुष्कर्म के मुकदमे से बचने के लिए नगर की एक युवती से विवाह कर लिया। अब कार और दो लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर युवती को मारपीट कर अपने घर से निकाल दिया।
पीड़िता ने शनिवार को पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उसकी जान पहचान करीब तीन वर्ष पूर्व जनपद रामपुर के एक युवक से हुई। उसने उससे 1.30 लाख रुपये की ठगी कर ली। फिर उसने प्यार करने का नाटक कर उससे दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार उसने आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई तो उसने मुकदमे से बचने के लिए उसके साथ विवाह कर लिया। आरोप है कि कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक रहा लेकिन अब उसका पति और ससुराल वाले उस पर अपने मायके से दो लाख रुपये और कार लाने की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न करने पर उन्होंने उसे मारपीट कर अपने घर से निकाल दिया। आरोप है कि उसका पति अभी भी उसके मायके में आकर उसे धमकता रहता है। कोतवाली प्रभारी ने शिकायत की जांच कराने का आश्वासन दिया है।