गाजियाबाद के नजदीक गुरुवार शाम चार बजे ओएचई ब्रेक होने से सेक्शन आफ हो गया। जिसके चलते श्रमजीवी एक्सप्रेस, इंटरसिटी, संप्तक्रांति, आला हजरत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों लेट रहीं। पावर न मिलने से ट्रेनें जहां-तहां खड़ी हो गईं। यात्री कारण जानने को परेशान रहे। ट्रेनें करीब तीन से चार घंटे की देरी से चलीं।
गुरुवार को चार बजे गाजियाबाद के नजदीक महरौली और डासना के बीच के ओएचई ब्रेक हो गया। जिसके चलते पूरा मेहरौली पिलखुवा रेलवे इलेक्ट्रिक सेक्शन में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। सेक्शन आफ होने से ट्रेनें जहां की तहां खड़ी हो गईं। उस समय श्रमजीवी एक्सप्रेस मेहरौली और डासना के बीच से चल रही थी।
इलेक्ट्रिक सप्लाई बंद होते ही ट्रेन डाउन लाइन पर ही खड़ी हो गई। श्रमजीवी एक्सप्रेस पहले से ही एक घंटा बीस मिनट की देरी से चल रही थी। उसके खड़े होने के कारण पीछे से आ रही गाड़ियां भी रोकनी पड़ गईं। श्रमजीवी के ड्राइवर ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद टीआरडी की टीम ने जाकर सेक्शन में पावर सप्लाई की कोशिश में जुट गई।
सब स्टेशन में आई खराबी को दूर करके पावर सप्लाई दी गई। जिसमें करीब दो घंटे का समय लग गया। इसके बाद डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका। मुरादाबाद आने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस तीन घंटा, सप्तक्रांति एक्सप्रेस, आला हजरत और इंटरसिटी एक्सप्रेस, दिल्ली-काठगोदाम संपर्कक्रांति समेत अन्य ट्रेनें लेट हो गईं। जिसके चलते यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। जिस सम पावर आफ हुई उस समय अप लाइन पर सेक्शन में ट्रेन नहीं गुजर रही थी।