फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर के कई स्थानों पर खुले होल अभी भी दे रहे दुर्घटना को दावत

विज्ञापन
दिल्ली रोड मॉर्डन पब्लिक स्कूल के सामने खुला गडडा। - फोटो : CITY
विज्ञापन
मुरादाबाद। ताड़ीखाना के निकट सफाई के बाद नाले को खुला छोड़ देने के कारण एक युवक की जान चली गई, लेकिन इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी इसको लेकर गंभीर नहीं दिखाई दे रहे हैं। शहर के डेढ़ दर्जन से अधिक स्थानों पर अभी भी कहीं सीवर लाइन के होल खुले छोड़ दिए गए हैं तो कहीं सफाई के बाद नाले पर पत्थर नहीं डाले गए हैं। जिससे कभी भी कोई हादसा हो सकता है।
विज्ञापन

रेलवे स्टेशन रोड पर कर्मचारी कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर बने नाले, रोडवेज बस स्टैंड से पहले मार्केट के सामने, गरहट्टी रोड पर गल्लामंडी के पास बने नाले के दो स्थानों पर पत्थर नहीं है। मंडी से प्रकाश नगर जाने वाले मार्ग पर एक तरफ बने बड़े नाले की दो दिन पहले ही नाले से जगह-जगह पत्थर हटाकर सफाई कराई गई है। यह काफी गहरा व बड़ा नाला है, लेकिन इस नाले के दो सौ मीटर में छह स्थानों पर नाले को खुला छोड़ दिया गया है। इससे नाले की आसपास के दुकानदारों व घरों में रहने वाले लोगों को न सिर्फ खासी परेशानी हो रही है बल्कि वह खुले नाले से होने वाले हादसे की आशंका को लेकर भयभीत हैं।
लाइनपार मंडी समिति रोड पर नाले की सफाई के बाद उसे खुला छोड़ दिया गया है। यहां दुकानदार राकेश कुमार ने बताया कि एक साल बाद निगम कर्मचारियों ने नाले की सफाई की है और उसके बाद नाले को खुला छोड़ दिया है। पास ही एक्सिस बैंक का एटीएम भी है। ग्राहक एटीएम से रुपये निकालने आते हैं। ऐसे में रात के समय कोई भी खतरा होने की आशंका बनी रहती है।
विज्ञापन

सेलटैक्स चौराहे के सामने भी जगह-जगह नालियों को खुला छोड़ दिया गया है। सोनकपुर स्टेडियम के पास भी करीब एक माह पहले पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हुए नाले के किनारे की अभी तक मरम्मत नहीं की गई है।
बंगला गांव पुलिस चौकी के पास नाले की सफाई के लिए बनाए गए होल से हटा पत्थर हादसों को दावत दे रहा है, जबकि इस रोड से रोजाना सैकड़ों लोगों को आना जाना लगा रहता है। होली का मैदान बंगला गांव पश्चिम में भी नाले से पत्थर गायब है। इसमें गिर कर कुछ लोग घायल भी हो चुके हैं। दिल्ली रोड पर मार्डन पब्लिक स्कूल के सामने नाले का ढक्कन नहीं है।
000
दावा: तीन दिन में बंद हो जाएंगे खुले होल, नाले
मुरादाबाद। खुले नाले में गिर कर युवक की मौत के बाद नगर निगम के अधिकारी जागे हैं। नगर आयुक्त ने संजय चौहान ने कहा कि सभी सफाई निरीक्षकों को अपने क्षेत्र में खुले नालों व खुले होल को चिह्नित कर उसकी रिपोर्ट निर्माण विभाग को देने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि उन्हें बंद कराया जा सके। यह कार्य तीन में पूरा हो जाएगा। सहायक नगर आयुक्त गंभीर सिंह ने बताया कि जहां भी अब नाले की सफाई आदि का कार्य होगा वहां खतरे की आशंका को देखते हुए उस स्थान को चारों ओर से घेरने के लिए सामग्री भी मंगवाई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें