उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में रविवार सुबह एक मकान का हिस्सा गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं। घटना आदमपुर थाना क्षेत्र के सिमथला गांव की है, जहां भूत-प्रेतों को भगाने के लिए एक अखाड़े का आयोजन किया गया था। इसी दौरान वहां खड़ी भीड़ पर एक मकान का हिस्सा टूट कर गिर गया। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई से अधिक लोग दब गए।
दरअसल सिमथला गांव निवासी हेमसिंह के घर पर पितृपक्ष की अमावस्या की रात भूत-प्रेत का संकट काटने के लिए देवी का अखाड़ा किया जाता है। रात के लगभग 12 बजे देवी का अखाड़ा कार्यक्रम चल रहा था। तभी अचानक घर का एक हिस्सा गिर गया जिसकी चपेट में लगभग एक दर्जन लोग आ गए ।
इस दौरान गांव के लच्छी सिंह की मौके पर ही मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। घायलों में देवी का अखाड़ा करने वाले तीन भगत भी शामिल हैं। घायलों को मेरठ, हसनपुर में भर्ती कराया गया है।