प्रेम प्रसंग के चलते भांजे के साथ पांच बच्चों को लेकर पत्नी के गायब होने का गम पति नहीं सह सका। वह बेहोश होकर सड़क किनारे गिर गया जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। हालांकि बिना कार्रवाई के युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।
नगर में काशीपुर चुंगी के पास बेहोश हालत में एक युवक के पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर पुलिस ने एंबुलेंस से लाकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बेहोश युवक का उपचार शुरू कर दिया।
उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड व मोबाइल के माध्यम से युवक की शिनाख्त थाना मैनाठेर गांव निवासी जनपद मुरादाबाद के रूप में की जिसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी। सूचना पर पहुंची मां ने बताया कि युवक अपनी बहन के पास काशीपुर के एक मोहल्ले में रहता था। अपने परिवार का पालन पोषण करने के लिए मेहनत मजदूरी करता था।
उसकी पत्नी के प्रेम संबंध भांजे से हो गए। प्रेम संबंध के चलते भांजा अपनी मामी को पांच बच्चों के साथ लेकर गायब हो गया। उसी दिन से व्यक्ति अपनी पत्नी और बच्चों के गम में परेशान था। तीन दिन पूर्व युवक अपनी मां के साथ अपने मामा के घर मैनाठेर आया हुआ था। मंगलवार को वह अपनी मां को अपने मामा के पास छोड़कर वापस काशीपुर आ रहा था।
मुरादाबाद-काशीपुर मार्ग पर ठाकुरद्वारा में काशीपुर चुंगी पर उसके सीने में दर्द होने लगा जिससे वह बेहोश होकर सड़क किनारे गिर गया था। चिकित्सकों ने बताया कि उसकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है।