भोजपुर के गांव पीपलसाना में मुस्लिम समाज के हेयर ड्रेसर द्वारा वाल्मीकि समाज के कुछ युवकों के बाल काटने से इंकार करने की घटना सामने आई है। इसे लेकर वाल्मीकि समाज के लोगों में रोष है। उन्होंने घटना की शिकायत जिलाधिकारी और एसएसपी से की है। मामला तूल पकड़ता देख अफसर भी हरकत में आ गए। सप्ताहभर से चले आ रहे इस घटनाक्रम में गुरुवार को एसडीएम सदर और सीओ ठाकुरद्वारा की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
मामला छह जुलाई को तब सामने आया जब पीपलसाना निवासी वाल्मीकि समाज के कुछ लोगों ने एसओ भोजपुर का प्रार्थना पत्र देकर कहा कि गांव के हेयर ड्रेसर उनके बाल इसलिए नहीं काटते क्योंकि वह वाल्मीकि समाज से हैं। हेयर ड्रेसर पर छुआ छूत का आरोप लगाते हुए इन युवकों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज इन युवकों ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी शिकायती पत्र दिए थे।
मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया तो गुरुवार को एसडीएम सदर और सीओ ठाकुरद्वारा ने दोनों पक्षों को बुलाकर बात की। अफसरों की मौजूदगी में हेयर ड्रेसर ने लिखकर दिया कि भविष्य में वह सभी की शेविंग-कटिंग करेंगे। जाति के आधार पर किसी के बाल काटने से इंकार नहीं करेंगे। फैसले में वसीम हनीफ, राशिद, जाहिद, कय्यूम, सिराज आलम, अय्यूब, आसिम आदि शामिल रहे।