प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिवर्तन रैली में पार्टी और पीएम के नारे कम सुनाई दिए लेकिन टिकट मांग रहे टिकटार्थियों की जिंदाबाद रैली स्थल पर व उसके आस-पास गूंजती रही। विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्येक सीट पर एक दर्जन से अधिक दावेदार पार्टी सिंबल पाने के लिए अपना दावा ठोंक रहे हैं। रैली में हरेक दावेदार अपने समर्थकों के साथ पहुंचा और अपनी जिंदाबाद के नारे लगवाए। हालांकि रैली से पहले ही पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने साफ कर दिया था कि कोई भी दावेदार अपने नारे नहीं लगवाएगा बल्कि सभी को मोदी जिंदाबाद के नारे लगाने हैं।
लेकिन पार्टी के आला ओहदेदारों का ये संदेश भी दावेदारों के गले नहीं उतरा। रैली स्थल पर दावेदार अपनी जिंदाबाद के नारे लगवाते रहे। रैली स्थल तक पहुंचे दावेदारों के काफिले में भी मोदी जिंदाबाद की जगह दावेदारों की जिंदाबाद होती रही। नौबत यहां तक बनी थी कि दावेदारों के समर्थकों में कई बार भिड़ंत तक की नौबत आई। पीएम की रैली में भाजपा से टिकट मांग रहे दावेदार पूरे उत्साह से अपने साथ भीड़ लेकर पहुंचे।
लेकिन इस भीड़ ने मोदी जी के जयकारे कम और टिकट मांग रहे अपने नेता के अनगिनत नारे जोरदार आवाज के साथ लगाए। एक ही विधानसभा सीट के दो दावेदारों की भीड़ जब आमने-सामने आई तो दोनों के समर्थकों ने एक दूसरे को नारों के माध्यम से नीचा दिखाने की कोशिश की। लेकिन इन दावेदारों के समर्थकों की भीड़ ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिवर्तन महारैली को सफल बना दिया।